34.5c India
Saturday May 09, 2026
Aryavart Times

सुनील जाखड़ ने कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थामा

सुनील जाखड़ ने कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थामा

कांग्रेस से तीन पीढ़ियों और करीब 50 साल पुराने रिश्ते को अलविदा कहने के कुछ ही दिन बाद पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीपीसीसी) के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए।
भाजपा मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में जाखड़ ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। नड्डा ने भाजपा का पट्टा पहना कर जाखड़ का पार्टी में स्वागत किया।
पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में पिछले महीने कांग्रेस में सभी पदों से हटा दिये गए जाखड़ ने 14 मई को फेसबुक के जरिए देश की सबसे पुरानी पार्टी को ‘‘गुड लक और गुडबाय कांग्रेस’’ कह दिया था।
इस अवसर पर नड्डा ने कहा, ‘‘ सुनील जाखड़ जी आज भाजपा की सदस्यता लेकर, पार्टी में शामिल हुए हैं। मैं अपनी और भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं की ओर से उनका स्वागत और अभिनन्दन करता हूं।’’
उन्होंने कहा कि सुनील जाखड़ जी ने करीब 3.5 दशक तक राजनीति में अपना स्थान बनाया है। कई जिम्मेदारियां इन्होंने इस बीच निभाई है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘ पंजाब में राष्ट्रवादी ताकतों का प्रथम स्थान भाजपा ले रही है।  इसलिए आवश्यक होता है कि राष्ट्रवादी विचार रखने वाले सभी लोग भाजपा से जुड़ें और पार्टी को मजबूती प्रदान करें।’’
वहीं सुनील जाखड़ ने कहा कि उनके कांग्रेस छोड़ने की नौबत किसी व्यक्तिगत झगड़े के कारण नहीं आई बल्कि झगड़ा राष्ट्रीयता, पंजाब की अखंडता और भाईचारे को लेकर था। उन्होंने करतारपुर कॉरिडोर खोले जाने और लाल किले पर सिखों के गुरु तेग बहादुर का 400वां प्रकाश पर्व मनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर सराहना की और कहा कि ऐसे फैसलों से उन्होंने पंजाबियों के दिलों में जगह बनाई है। 







Start the Discussion Now...



LIVE अपडेट: देश-दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज़