34.5c India
Saturday May 09, 2026
Aryavart Times

राहुल गांधी ने केरल में गरीबों के लिये न्याय योजना लागू करने का किया वादा

राहुल गांधी ने केरल में गरीबों के लिये न्याय योजना लागू करने का किया वादा

केरल विधानसभा चुनाव के लिये मतदान से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार कहा कि यूडीएफ की सरकार बनने पर ‘न्यूनतम आय योजना’ (न्याय) के तहत राज्य के हर गरीब व्यक्ति को ‘निश्चित रूप से’ हर महीने छह हजार रुपये मिलेंगे। 

केरल में कांग्रेस नीत यूडीएफ और वामदलों की एलडीएफ के बीच कड़ा मुकाबला है । इस चुनाव में भाजपा कई सीटों पर दोनों गठबंधनों को कड़ी चुनौती दे रही है । 

मानन्थावाद्य वेल्लमुंडा में आयोजित यूडीएफ की बैठक में गांधी ने कहा, “यूडीएफ कुछ क्रांतिकारी प्रस्ताव कर रहा है। किसी भी भारतीय राज्य में पहले कभी ऐसा प्रयास नहीं किया गया है।” 

तिरूनेल्ली में भगवान महाविष्णु के प्राचीन मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद सभा स्थल पर पहुंचे गांधी ने कहा कि न्याय का विचार बहुत सामान्य है। 

लोकसभा में वायनाड सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, “विचार यह है कि हम केरल के सबसे गरीब लोगों के हाथों में पैसा सीधे देने जा रहे हैं। छोटी रकम नहीं। केरल के हर गरीब व्यक्ति को निश्चित रूप से छह हजार रुपये महीना--- 72,000 रुपये प्रति वर्ष--- उसके खाते में मिलेंगे।” 

गांधी ने अपनी जनसभाओं में न्याय योजना पर तवज्जो बढ़ा दी है। जाहिर तौर पर वह सत्तारूढ़ वाम सरकार का मुकाबला करने के लिए ऐसा कर रहे हैं, जो अहम चुनाव जीतने के लिए पिछले पांच वर्षों में लागू की गई कल्याणकारी योजनाओं को मुद्दा बना रही है। 







Start the Discussion Now...



LIVE अपडेट: देश-दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज़