34.5c India
Saturday September 19, 2026
Aryavart Times

राहुल समेत कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं के ट्विटर एकाउंट लॉक

राहुल समेत कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं के ट्विटर एकाउंट लॉक

ट्विटर ने राहुल गांधी समेत कांग्रेस पार्टी के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट और इसके नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के करीब 5000 अकाउंट को लॉक किया गया है। पार्टी ने आरोप लगाया है  कि ट्विटर सरकार के दबाव में आकर कांग्रेस नेताओं के खिलाफ काम कर रहा है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपना ट्विटर अकाउंट लॉक किये जाने को लेकर शुक्रवार ट्विटर पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि यह अमेरिकी कंपनी पक्षपातपूर्ण है, यह भारत की राजनीतिक प्रक्रिया में दखल दे रही है तथा सरकार के कहे मुताबिक चल रही है। 

उन्होंने कहा कि ट्विटर की ओर से जो किया गया है वह भारत के लोकतांत्रिक ढांचे पर हमला है।

एक दिन पहले कांग्रेस ने कहा था कि उसके और उसके कई नेताओं के ट्विटर अकाउंट को इस माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म ने बंद (लॉक) कर दिया है, हालांकि ट्विटर ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने पर ये कदम उठाया गया है। 

गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले ही दिल्ली में कथित दुष्कर्म एवं हत्या की पीड़िता नौ वर्षीय बच्ची के माता-पिता से मुलाकात की तस्वीर साझा करने को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का ट्विटर अकाउंट लॉक किया गया था।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और पार्टी के कई अन्य नेताओं ने राहुल गांधी का ट्विटर अकाउंट बंद किए जाने के विरोध स्वरूप अपना ट्विटर अकाउंट के प्रोफाइल पिक्चर में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष की तस्वीर लगा ली। युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. और कई अन्य नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने अपने अकाउंट का नाम ‘राहुल गांधी’ कर दिया। 

कांग्रेस ने अपने ट्विटर अकाउंट को बंद किये जाने संबंधी संदेश का स्क्रीन शॉट फेसबुक पोस्ट में साझा किया। उसने कहा, ‘‘जब हमारे नेताओं को जेलों में बंद कर दिया गया, हम तब नहीं डरे तो अब ट्विटर अकाउंट बंद करने से क्या ख़ाक डरेंगे। हम कांग्रेस हैं, जनता का संदेश है, हम लड़ेंगे और लड़ते रहेंगे।’’

 







Start the Discussion Now...



LIVE अपडेट: देश-दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज़