34.5c India
Saturday May 11, 2024
Aryavart Times

उपचुनाव : आजमगढ़, रामुपर सीट पर भाजपा की जीत, संगरूर शिअद (अमृतसर) के खाते में

उपचुनाव : आजमगढ़, रामुपर सीट पर भाजपा की जीत, संगरूर शिअद (अमृतसर) के खाते में

तीन लोकसभा सीटों के लिये हुए उपचुनाव में भाजपा ने दो सीटों पर कब्जा किया है जबकि संगरूर सीट पर उपचुनाव में शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के उम्मीदवार सिमरनजीत सिंह मान ने जीत हासिल की है। 
दिल्ली में एक विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी ने जीत दर्ज की जबकि त्रिपुरा की चार सीटों में से तीन भाजपा के खाते में गई और एक पर कांग्रेस ने कब्जा किया।
झारखंड की एक विधानसभा सीट पर कांग्रेस ने कब्जा बरकरार रखा जबकि आंध्र प्रदेश की एक विधानसभा सीट वाईएसआर कांग्रेस के खाते में गई । 
उत्तर प्रदेश में रामपुर में हुए उपचुनाव में मतदान के बाद रविवार सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हुई शुरुआती बढ़त के बाद अब समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार को भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी ने हरा दिया है। भाजपा प्रत्याशी घनश्याम सिंह लोधी ने करीब 42 हजार वोटों सपा असीम राजा को हराया और आजम खान के किले में बीजेपी ने सेंध लगा दी है। 
उल्लेखनीय है कि कि 2019 के लोकसभा चुनाव में रामपुर से सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान चुनाव जीते थे। रामपुर सीट आजम का गढ़ मानी जाती है। लेकिन इस बार आजम के गढ़ में बीजेपी सेंध लगाने में कामयाब होती दिख रही है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव इस बार रामपुर उपचुनाव में प्रचार करने नहीं गए। इस बारे में चर्चा थी कि उनको इस सीट पर जीत का भरोसा था।
रामपुर लोकसभा सीट पर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी घनश्याम लोधी ने सपा उम्मीदवार को शिकस्त दी। आजम के किले में सेंध लगाने वाले लोधी इससे पहले दो बार एमएलसी रह चुके हैं। इसी साल बीजेपी में शामिल हुए थे। इससे पहले वह सपा में थे और आजम खान के बेहद करीबी माने जाते थे।
आजमगढ़ सीट भी बीजेपी ने जीत ली है। यहां बीजेपी उम्मीदवार दिनेश लाल यादव निरहुआ ने समाजवादी पार्टी उम्मीदवार धर्मेन्द्र यादव को 20 हजार से अधिक मतों से पराजित किया।
आजमगढ़ सीट पर बीजेपी ने भोजपुरी अभिनेता दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ को, सपा ने धर्मेंद्र यादव को और बसपा ने शाह आलम ऊर्फ गुड्डू जमाली को उतारा था।
वहीं, आम आदमी पार्टी (आप) ने संगरूर लोकसभा चुनाव में हार मान ली हैऔर शिअद (अमृतसर) के प्रत्याशी सिमरनजीत सिंह मान को बधाई दी। शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के उम्मीदवार मान शुरू से ही आगे चल रहे थे । मान ने आम आदमी पार्टी (आप) के गुरमेल सिंह को कड़े मुकाबले में हराया है।
वहीं दिल्ली में राजेंद्र नगर विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी (आप) उम्मीदवार दुर्गेश पाठक ने जीत हासिल कर ली है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार राजेश भाटिया और कांग्रेस उम्मीदवार प्रेम लता को पटखनी दी है। पाठक ने 11 हजार से अधिक वोटों से जीत दर्ज की है।
त्रिपुरा में चार विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा को तीन और कांग्रेस को एक सीट पर जीत मिली। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार माणिक साहा ने टाउन बारदोवली सीट पर हुए उपचुनाव में रविवार को 6,104 वोटों के अंतर से जीत हासिल की।
झारखंड की मांडर विधानसभा सीट पर विधायक बंधु तिर्की को अयोग्य घोषित किए जाने के बाद उपचुनाव हुए। कांग्रेस ने मांडर से तिर्की की बेटी शिल्पी नेहा तिर्की ने जीत दर्ज की। शिल्पी नेहा कांग्रेस-झामुमो की संयुक्त उम्मीदवार हैं। बीजेपी ने पूर्व विधायक गंगोत्र कुजूर को चुनाव मैदान में उतारा है।







Start the Discussion Now...



LIVE अपडेट: देश-दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज़