34.5c India
Saturday May 11, 2024
Aryavart Times

लता मंगेशकर के निधन पर सम्मान स्वरूप 6 फरवरी से दो दिनों का राजकीय शोक

लता मंगेशकर के निधन पर सम्मान स्वरूप 6 फरवरी से दो दिनों का राजकीय शोक

भारत सरकार ने दिवंगत महान गायिका लता मंगेशकर के सम्मान मेंआज से पूरे भारत में दो दिन के राजकीय शोक की घोषणा की।
गृह मंत्रालय के बयान के अनुसार,राष्ट्रीय ध्वज 06.02.2022 से 07.02.2022 तक पूरे भारत में आधा झुका रहेगा और कोई भी आधिकारिक मनोरंजन आयोजन नहीं होगा।                    
यह भी निर्णय लिया गया है कि लता मंगेशकर का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
स्वर कोकिला लता मंगेशकर का आज 6 फरवरी, 2022 को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया। लता मंगेशकर 92 साल की थीं। उन्हें 8 जनवरी को कोविड-19 से संक्रमित होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
भारत रत्न लता मंगेशकर के सम्मान में भारत सरकार ने दो दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। उनके सम्मान में राष्ट्रीय ध्वज दो दिनों तक आधा झुका रहेगा। सुश्री लता मंगेशकर का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। 2001 में उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया था।
लता मंगेशकर का पार्थिव शरीर मुंबई के शिवाजी पार्क में रखा जाएगा, जहाँ उनके प्रशंसक उनके अंतिम दर्शन कर सकेंगे। सुश्री लता मंगेशकर के निधन पर फिल्म जगत के कलाकारों ने शोक व्यक्त किया। केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के अध्यक्ष प्रसून जोशी ने ट्विटर पर दिवंगत गायिका के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
लता मंगेशकर का जन्म 28 सितंबर, 1929 को मराठी और कोंकणी संगीतकार पंडित दीनानाथ मंगेशकर के घर हुआ था। उनका मूल नाम हेमा था। यह अनुभवी गायिका आशा भोसले सहित पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ी थीं। उनके पिता पंडित दीनानाथ मंगेशकर एक शास्त्रीय गायक और थिएटर अभिनेता थे।
लता मंगेशकर ने 13 साल की उम्र में एक मराठी फिल्म, 'किती हसाल' के लिए अपना पहला पार्श्व गीत रिकॉर्ड किया, और वर्ष 1942 में एक मराठी फिल्म, 'पहिली मंगलागौर' में अभिनय भी किया। वर्ष 1946 में, उन्होंने वसंत जोगलेकर द्वारा निर्देशित 'आप की सेवा में' के लिए अपना पहला हिंदी फिल्म पार्श्व गीत रिकॉर्ड किया।
1972 में, लता मंगेशकर ने फिल्म 'परिचय' के लिए सर्वश्रेष्ठ महिला पार्श्व गायिका का पहला राष्ट्रीय पुरस्कार जीता। पिछले कुछ वर्षों में, उन्होंने कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार जीते। इसमें प्रतिष्ठित भारत रत्न, ऑफिसर ऑफ़ फ्रेंच लीजन ऑफ ऑनर का खिताब, दादासाहेब फाल्के पुरस्कार, तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, चार फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायिका  पुरस्कार, फिल्मफेयर लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार और कई अन्य पुरस्कार शामिल हैं। 1984 में, मध्य प्रदेश की राज्य सरकार ने लता मंगेशकर पुरस्कार की स्थापना की, महाराष्ट्र सरकार ने भी गायन प्रतिभा को बढ़ावा देने के लिए 1992 में लता मंगेशकर पुरस्कार की घोषणा की थी। 







Start the Discussion Now...



LIVE अपडेट: देश-दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज़