34.5c India
Sunday February 16, 2025
Aryavart Times

गणतंत्र दिवस पर कर्तव्य पथ बना शक्तिपथ, सांस्कृतिक विविधता का शानदार प्रदर्शन

गणतंत्र दिवस पर कर्तव्य पथ बना शक्तिपथ, सांस्कृतिक विविधता का शानदार प्रदर्शन

देश के 76वें राष्ट्रीय गणतंत्र दिवस के अवसर पर कर्तव्य पथ से ऐतिहासिक लालकिले तक देश की आन..बान..शान का शानदार नजारा देखा गया जिसमें प्राचीन काल से चली आ रही भारत की अनूठी एकता में पिरोई विविधताओं वाली विरासत, आधुनिक युग की विभिन्न क्षेत्रों की उसकी उपलब्धियां और देश की सुरक्षा की गारंटी देने वाली फौज की क्षमता का भव्य प्रदर्शन हुआ। 

गणतंत्र दिवस परेड में मुख्य अतिथि इंडोनेशिया के राष्ट्रपति श्री प्रबोवो सुबियांतो  थे। परेड में इंडोनेशिया के सैनिकों की एक टुकड़ी ने अपने देश के ध्वज के साथ हिस्सा लिया जिसमें उसका संगीत बैंड शामिल था । सलामी मंच पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मौजूदगी में कर्तव्य पथ पर आज भारत की संस्कृति के रंगों और रक्षा क्षेत्र की ताकत का प्रदर्शन किया गया। परेड में जहां सारी दुनिया में सबसे अधिक विभिन्नता वाले देश भारत को एक सिरे में पिरोने वाली उसकी हर कोने की सांस्कृतिक समृद्धि को दर्शाया, वहीं अत्याधुनिक हथियारों, मिसाइलों, विमानों और भारतीय सैनिकों के दस्तों ने देश के किसी भी चुनौती से निपट सकने की ताकत का अहसास कराया। सबसे अंत में रोमांच से भर देने वाले वायु सेना के अत्याधुनिक विमानों को राजपथ के उपर से हैरतअंगेज कारनामों के साथ उड़ान भरते देख कर उन विमानों की ताकत के साथ ही वायुसेना के पायलटों का हुनर और जांबाज़ी का अहसास हुआ।

सड़क के दोनों ओर उत्साही जनता के विशाल हुजूम के बीच राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सलामी मंच से परेड का निरीक्षण किया । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सुबह समर स्मारक पर कृतग्य राष्ट्र की ओर से शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की । गणतंत्र दिवस परेड में ही नहीं बल्कि उसे देखने आए देश के हर क्षेत्र, समुदाय, जाति और धर्म के उमड़े जन सैलाब ने अनेकता में एकता के जज़्बे का अनूठा प्रदर्शन किया।

परेड के रास्ते में बच्चों, महिलाओं, युवाओं और वृद्धौं के चेहरों की चमक और उत्साह देखते ही बनता था। करीब 10 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने तिरंगा फहराया। राष्ट्रगान की धुन के बीच 21 तोपों की सलामी एवं हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा के बाद परेड शुरू हुई।

परेड में पहली बार प्रलय मिसाइल का प्रदर्शन किया गया । इसमें संविधान की झांकी भी प्रस्तुत की गई । इस दौरान विभिन्न राज्यों, मंत्रालयों एवं विभागों की झांकियां भी प्रस्तुत की गई । विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुती दी। परेड समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उपस्थिति लोगों का अभिवादन किया।

 







Start the Discussion Now...



LIVE अपडेट: देश-दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज़