प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली चुनाव में भाजपा की शानदार जीत पर प्रदेश के लोगों को बधाई देते हुए कहा कि दिल्ली के जनादेश से स्पष्ट है कि राजनीति में शॉर्टकट के लिए, झूठ और फरेब के लिए, कोई जगह नहीं है और जनता ने शॉर्टकट वाली राजनीति का शार्ट सर्किट कर दिया।
दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की जीत के बाद पार्टी मुख्यालय में अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधा और चुनावी वादे पूरा करने का संकल्प दोहराया।
दिल्ली चुनाव में भाजपा ने 27 साल बाद वापसी कर ली है और 70 सीटों वाली विधानसभा में 48 सीटों पर कमल खिलाने में कामयाब रही। वहीं सत्ताधारी आम आदमी पार्टी सिर्फ 22 सीटों पर सिमट गई। आम आदमी पार्टी के उदय से पहले लगातार तीन बार शीला दीक्षित की अगुवाई में दिल्ली की सत्ता पर राज करने वाली कांग्रेस को पिछले 3 चुनावों से एक सीट भी नहीं मिल पायी।
उन्होंने कहा, ‘‘ मैंने हर दिल्लीवासी के नाम एक पत्र भेजा था और आप सबने हर परिवार तक मेरा ये पत्र पहुंचाया था। मैंने दिल्ली से प्रार्थना की थी कि 21वीं सदी में भाजपा को सेवा का अवसर दीजिए। दिल्ली को विकसित भारत की विकसित राजधानी बनाने के लिए भाजपा को मौका दीजिए। मैं दिल्ली के हर परिवारजन को मोदी की गारंटी पर भरोसा करने के लिए सिर झुकाकर नमन करता हूं। मैं दिल्लीवासियों का आभार व्यक्त करता हूं।’’
कांग्रेस पर प्रहार करते हुए मोदी ने कहा कि पिछली बार मैंने कहा था कि कांग्रेस एक परजीवी पार्टी बन चुकी है। ये खुद तो डूबती है, अपने साथियों को भी डुबोती है। कांग्रेस, एक के बाद एक अपने सहयोगियों को खत्म कर रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘ मैंने चुनाव प्रचार के दौरान संकल्प लिया है कि हम यमुना जी को दिल्ली की पहचान बनाएंगे। हम मां यमुना की सेवा के लिए हर प्रयास करेंगे, पूरे सेवाभाव से काम करेंगे।’’
उन्होंने कहा कि आज के नतीजों का एक और पक्ष भी है कि हमारी दिल्ली सिर्फ एक शहर नहीं है, ये लघु-भारत है। दिल्ली, एक भारत - श्रेष्ठ भारत के विचार को जीती है।
आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि जिस पार्टी का जन्म ही भ्रष्टाचार के विरुद्ध हुए आंदोलन से हुआ हो, वही भ्रष्टाचार में लिप्त हो गई। ये देश की ऐसी पार्टी बनी जिसके मुख्यमंत्री, मंत्री भ्रष्टाचार के आरोप में जेल गए। जो खुद को ईमानदारी का सर्टिफिकेट देते थे और दूसरों को बेईमानी का मेडल देते थे, वो खुद भ्रष्टाचारी निकले। ये दिल्ली के भरोसे के साथ बहुत बड़ा धोखा था।
उन्होंने कहा कि आज इसी विविधता वाली दिल्ली ने भाजपा को प्रचंड जनादेश का आशीर्वाद दिया है। दिल्ली का ऐसा कोई क्षेत्र नहीं, ऐसा कोई वर्ग नहीं, जहां कमल न खिला हो। हर भाषा बोलने वालों ने, हर राज्य के लोगों ने दिल्ली में भाजपा के कमल निशान पर वोट दिया है।
मोदी ने कहा कि यहां दिल्ली में AAP-दा अर्बन नक्सली सोच को ही आगे बढ़ा रही थी। कांग्रेस की भी अर्बन नक्सली सोच राष्ट्र की उपलब्धियों पर अटैक करती है।
ये पूरी दुनिया में अपनी ही सोच का आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक निजाम लाना चाहती है। जब कांग्रेस में अर्बन नक्सलियों का DNA घुस गया है, तब ये कांग्रेस हर कदम पर बर्बाद हो रही है।
मोदी ने कहा कि आज कांग्रेस देशहित की नहीं, अर्बन नक्सलियों की राजनीति कर रही है। कांग्रेस के नेता जब कहते हैं कि वो भारत से लड़ रहे हैं, Indian state से लड़ रहे हैं... ये नक्सलियों की भाषा है। ये समाज में, देश में अराजकता लाने की भाषा है।
उन्होंने कहा कि पिछली बार मैंने कहा था कि कांग्रेस एक परजीवी पार्टी बन चुकी है। ये खुद तो डूबती है, अपने साथियों को भी डुबोती है। कांग्रेस, एक के बाद एक अपने सहयोगियों को खत्म कर रही है।
मोदी ने कहा कि आज जनता ने एक बार फिर कांग्रेस को कड़ा संदेश दिया है। दिल्ली के चुनाव में कांग्रेस ने जीरो की डबल हैट्रिक लगाई है। देश की राजधानी में, देश की सबसे पुरानी पार्टी का लगातार दिल्ली में 6 बार से खाता नहीं खुल रहा है।
उन्होंने कहा कि मैंने चुनाव प्रचार के दौरान संकल्प लिया है कि हम यमुना जी को दिल्ली शहर की पहचान बनाएंगे। मैं जानता हूं कि ये काम कठिन है और लंबे समय का है। समय कितना भी क्यों न जाए, शक्ति कितनी भी क्यों न लगे। लेकिन अगर संकल्प मजबूत हैं, तो यमुना जी के आशीर्वाद रहने वाले हैं। हम मां यमुना की सेवा के लिए हर प्रयास करेंगे, पूरे सेवाभाव से काम करेंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि हम लोग हमारा सदा मंगल करने वाली यमुना देवी को नमस्कार करते हैं। लेकिन, उसी यमुना की इन लोगों ने कैसी दुर्दशा कर दी? दिल्ली का तो अस्तित्व ही मां यमुना की गोद में पनपा है। दिल्ली के लोग यमुना की इस पीड़ा को देखकर कितना आहत होते रहे हैं! लेकिन, दिल्ली की AAP-दा ने इस आस्था का अपमान किया।
मोदी ने कहा कि दिल्ली और पूरे NCR में तरक्की के अनगिनत रास्ते खुलने जा रहे हैं। हमारी कोशिश होगी कि आने वाले समय में इस पूरे क्षेत्र में मोबिलिटी और इंफ्रास्ट्रक्चर पर ढेर सारा काम हो। और इस क्षेत्र के नौजवानों को भी तरक्की के नए नए अवसर मिलें।
Start the Discussion Now...