34.5c India
Saturday May 11, 2024
Aryavart Times

गुजरात में प्रचंड जीत के साथ भाजपा ने बनाया नया कीर्तिमान, हिमाचल में कांग्रेस को बहुमत

गुजरात में प्रचंड जीत के साथ भाजपा ने बनाया नया कीर्तिमान, हिमाचल में कांग्रेस को बहुमत

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)ने  गुजरात विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड सातवीं बार जीत हासिल कर सत्ता बरकरार रखी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के करिश्मे के दम पर विपक्ष को पछाड़कर राज्य में अब तक का सबसे बड़ा बहुमत हासिल किया। भाजपा ने प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के गृह राज्य में "ऐतिहासिक" जीत के साथ नया कीर्तिमान स्थापित किया।
वहीं वह भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के गृह राज्य हिमाचल प्रदेश में करीबी लड़ाई के बाद कांग्रेस से हार गई । हिमाचल प्रदेश ने लगभग चार दशकों से चली आ रही उस परंपरा को बरकरार रखा, जिसमें भाजपा और कांग्रेस को बारी-बारी से सत्ता मिलती रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा मुख्यालय में अपने संबोधन में कहा, ‘‘इस जनादेश में एक और संदेश है और वो यह कि समाज के बीच दूरियां बढ़ाकर, राष्ट्र के सामने नई चुनौतियां खड़ी करके,जो राजनीतिक दल तत्कालिक लाभ लेने के फिराक में रहते हैं, उन्हें देश की जनता, देश की युवा पीढ़ी देख भी रही हैं और समझ भी रही हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ देश का मतदाता आज इतना जागरूक है कि वह अपना हित और अहित जानता है। देश का मतदाता जानता है कि शॉर्टकट की राजनीति का कितना बड़ा नुकसान देश को उठाना होगा। कोई संशय नही कि देश समृद्ध होगा तो सबकी समृद्धि तय है।’’
भाजपा को गुजरात की 182 विधानसभा सीट में से 154 सीट पर जीत मिल चुकी है और खबर लिखे जाने तक वह दो सीट पर आगे चल रही थी। उसे लगभग 53 प्रतिशत मत मिले हैं, जो गुजरात में किसी पार्टी का अब तक का सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 49.1 प्रतिशत मतों के साथ 99 सीट हासिल हुई थी जबकि मोदी के मुख्यमंत्रित्व काल में 2002 में 127 सीट प्राप्त हुई थी । माधव सिंह सोलंकी के नेतृत्व में 1985 में कांग्रेस द्वारा जीती गईं 149 सीट का रिकॉर्ड गुजरात में किसी पार्टी का जीत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड था। भाजपा ने इस बार सभी रिकार्ड तोड़कर एक नया इतिहास रच दिया है। 
करीब 13 फीसदी मतों के साथ अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आप ने पांच सीट पर जीत हासिल की है।
भाजपा की आंधी में कांग्रेस राज्य में अपने सर्वाधिक निचले स्तर पर चली गई तथा बड़े-बड़े दावे करने वाली आम आदमी पार्टी (आप) भी उसे कोई टक्कर नहीं दे पाई।
भाजपा की गुजरात इकाई के अध्यक्ष सी आर पाटिल ने कहा कि राज्य में पार्टी के 60 वर्षीय मृदुभाषी चेहरे भूपेंद्र पटेल मुख्यमंत्री बने रहेंगे और उनका शपथग्रहण समारोह 12 दिसंबर को होगा। पटेल ने अहमदाबाद की घाटलोडिया सीट से पटेल ने 1.92 लाख मतों के भारी अंतर से जीत दर्ज की है।
हिमाचल प्रदेश में कांटे के मुकाबले में कांग्रेस ने भाजपा को पराजित कर दिया । हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि वह लोगों के जनादेश का सम्मान करते हैं। उन्होंने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को अपना इस्तीफा सौंप दिया।
कांग्रेस और भाजपा के मत प्रतिशत में एक प्रतिशत से भी कम अंतर रहा। कांग्रेस को जहां 43.9 फीसदी वोट मिले, वहीं भाजपा को 43 फीसदी वोट मिले हैं। कांग्रेस नेताओं- राहुल गांधी, राजीव शुक्ला, रणदीप सुरजेवाला और आनंद शर्मा सहित अन्य नेताओं ने कांग्रेस की जीत पर हिमाचल प्रदेश के लोगों का आभार व्यक्त किया। 
निर्वाचन आयोग के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, कांग्रेस ने 68 में से 40 सीट पर जीत हासिल की, जबकि भाजपा ने 25 सीट जीती। तीन सीट पर निर्दलीय विजयी रहे। 
केजरीवाल की आप पार्टी ने 67 सीट पर उम्मीदवार उतारे थे, खाता खोलने में विफल रही और उसे केवल 1.1 प्रतिशत वोट मिले हैं। 







Start the Discussion Now...



LIVE अपडेट: देश-दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज़