34.5c India
Wednesday November 04, 2026
Aryavart Times

पूर्व तेज गेंदबाज चेतन शर्मा सीनियर क्रिकेट राष्ट्रीय चयन समिति के अध्यक्ष नियुक्त

पूर्व तेज गेंदबाज चेतन शर्मा सीनियर क्रिकेट राष्ट्रीय चयन समिति के अध्यक्ष नियुक्त

भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड ( बीसीसीआई ) की क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) ने पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज चेतन शर्मा को सीनियर राष्ट्रीय चयन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है।

सीएसी ने पांच सदस्यीय टीम में मुंबई के अबे कुरूविला और ओडिशा के देबाशीष मोंहती का भी चयन किया।

बीसीसीआई की यहां 89वीं सालाना आम बैठक के मौके पर ही नये पैनल का गठन किया गया जिसमें शर्मा ने उत्तरी क्षेत्र से मनिंदर सिंह और विजय दहिया को पछाड़ दिया।

शर्मा ने इस मौके पर कहा, ‘‘भारतीय क्रिकेट की एक बार फिर से सेवा करने का मौका मिलना निश्चित रूप से मेरे लिये सम्मान की बात है। मैं ज्यादा नहीं बोलता क्योंकि मेरा काम ही बोलेगा। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस मौके के लिये केवल बीसीसीआई का शुक्रिया करता हूं। ’’

पूर्व मध्यम गति के गेंदबाज कुरूविला को मुंबई क्रिकेट संघ के बड़े अधिकारियों का समर्थन प्राप्त था, उन्हें पश्चिम क्षेत्र से अजीत अगरकर पर तरजीह दी गयी।

ओडिशा के पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज मोहंती पिछले दो वर्षों से जूनियर राष्ट्रीय चयनकर्ता के तौर पर काम कर रहे थे और केवल दो साल के लिये समिति में बने रहेंगे।

चयन पैनल में पूर्व भारतीय खिलाड़ी सुनील जोशी (दक्षिण क्षेत्र) और हरविंदर सिंह (मध्य क्षेत्र) भी शामिल हैं।







Start the Discussion Now...



LIVE अपडेट: देश-दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज़