34.5c India
Saturday May 11, 2024
Aryavart Times

खट्टर के सीएम बनते ही वाड्रा पर कसा शिंकजा

खट्टर के सीएम बनते ही वाड्रा पर कसा शिंकजा

हरियाणा में पहली बार पूर्ण रूप से भाजपा की सरकार बनने के बाद अब राबर्ट वाड्रा और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर शिकंजा कसता दिखाई दे रहा है। राज्य के नवनियुक्त मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की केबिनेट में शामिल मंत्री अनिल विज ने कहा है कि पूर्व की कांग्रेस सरकार के दौरान हुए सभी जमीनी सौदों की निष्पक्ष जांच की जाएगी।

इससे पहले मनोहर लाल खट्टर ने आज पंचकुला में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी ने पंचकुला के मेला ग्राउंड पर उन्हें मुख्यमंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह व पूर्व उप प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी भी मौजूद थे। इसके अलावा भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री समेत केंद्र सरकार के कई मंत्री भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। पीएम समेत सभी नेताओं ने खट्टर को सीएम बनने की बधाई दी है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के अतिरिक्त नौ और विधायकों ने भी मंत्री पद व गोपनीयता की शपथ ली। खंट्टर के बाद सबसे पहले रामबिलास शर्मा और फिर हरियाणा के बड़े जाट नेता कैप्टन अभिमन्यु ने मंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद जाट नेता व किसान मोर्चा के अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़, अनिल विज ने भी मंत्री पद की शपथ ली। विज को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कंट्टर विरोधी माना जाता है। वे अंबाला कैंट से पांचवी बार विधायक बने हैं। फिर बारी आई राव नरबीर सिंह की। ये हरियाणा के बड़े यादव नेता माने जाते हैं। ये पहले भी हरियाणा में मंत्री रह चुके हैं। सबसे कम उम्र में मंत्री बनने का रिकॉर्ड इन्हीं के नाम है। अग्रवाल समुदाय की बड़ी नेता कविता जैन ने भी मंत्री पद की शपथ ली। वे सोनीपत से दूसरी बार विधायक बनी हैं। इन सभी विधायकों ने सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली।

इसके अलावा तीन और विधायकों को भी राज्य मंत्री के पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। जिसमें सबसे पहले विक्रम सिंह ठेकदार को बुलाया गया। इन्होंने राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार के तौर पर पद व गोपनीयता की शपथ ली। कृष्ण कुमार व कर्ण कुमार कंबोज को राज्य मंत्री के तौर पर शपथ दिलाई गई।







Start the Discussion Now...



LIVE अपडेट: देश-दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज़