34.5c India
Friday May 10, 2024
Aryavart Times

दिल्ली नगर निगम उपचुनाव: चार वार्ड में आप और एक में कांग्रेस जीती

दिल्ली नगर निगम उपचुनाव: चार वार्ड में आप और एक में कांग्रेस जीती

दिल्ली नगर निगम के पांच वार्ड में हुए उपचुनावों के बुधवार को घोषित परिणामों में चार वार्ड में आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की जबकि एक वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी विजयी रहा। निर्वाचन अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पहले, इन पांच वार्ड में से एक भाजपा के पास था। हालांकि इस बार भाजपा खाता तक नहीं खोल पाई।

नगर निगम उप चुनाव में पराजय के बाद दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि उप-चुनावों के परिणामों से स्पष्ट है कि यह ‘आप’ और कांग्रेस के बीच सांठ-गांठ का नतीजा है। उन्होंने कहा कि इस बार शालीमार बाग में कांग्रेस के वोट घटने और चौहान बांगर में कांग्रेस के वोट बढ़ने से साफ है कि दोनों दलों का भाजपा के खिलाफ मिलीभगत है। 

उपचुनाव में पार्टी की जीत के बाद केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘दिल्ली के लोगों ने एक बार फिर से काम के नाम पर वोट दिया। सबको बधाई। एमसीडी में 15 साल के भाजपा के कुशासन से जनता परेशान हो चुकी है। लोग अब एमसीडी में भी आम आदमी पार्टी का शासन लाने के लिए बेताब हैं।’’

उल्लेखनीय है कि अल्पसंख्यक बहुल चौहान बांगर वार्ड में कांग्रेस उम्मीदवार चौधरी जुबैर अहमद ने आप के उम्मीदवार मोहम्मद इशराक खान को 10,642 मतों से हराया।

दिल्ली कांग्रेस के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने कहा कि पार्टी उम्मीदवार चौधरी जुबैर अहमद ने रिकॉर्ड अंतर से जीत हासिल की है जो जनता के प्यार और कांग्रेस उम्मीदवारों की कड़ी मेहनत की बानगी है।

वहीं, दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पिछले चुनावों में शालीमार बाग सीट पर कांग्रेस को 8000 वोट मिले थे जो इस बार घटकर 2000 रह गए और चौहान बांगर में कांग्रेस का वोट शेयर बढ़ गया। ये दोनों दलों की सांठगांठ का ही नतीजा है। 

आदेश गुप्ता ने निगम उप-चुनाव के परिणामों पर आज यहां अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी राजनीतिक दल के लिए कोई भी चुनाव, कोई भी हार अंतिम नहीं होती। भाजपा चुनाव जरुर हारी है, लेकिन हम हिम्मत नहीं हारे हैं। हम नए संकल्प के साथ जो कमियां इस बार रह गई हैं, उन्हें सुधारते हुए दिल्ली के 2022 के निगम चुनाव में नई ऊर्जा के साथ उतरेंगे। 

आदेश गुप्ता ने कहा कि उप-चुनावों और मुख्य चुनावों में बहुत अंतर होता है। राजनीतिक दल के तौर पर हार के कारणों पर विचार मंथन होगा। अपनी रणनीति में क्या बदलाव करना है, इस पर भी विचार होगा। चेहरे बदलने या ना बदलने का फैसला पार्टी अपनी रणनीति में तय करेगी और उसी के अनुरुप काम होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी भ्रष्टाचार के पूरी तरह खिलाफ है और निगम में हमारा काम बहुत अच्छा रहा है। केजरीवाल सरकार और आम आदमी पार्टी निगम के खिलाफ जो दुष्प्रचार कर रही है, उसका भी हम पूरी ताकत के साथ मुकाबला करेंगे। 

दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने उप-चुनावों में कड़ी मेहनत की है। दिल्ली की जनता का भाजपा पर विश्वास कायम है। उप-चुनावों के परिणाम के दम पर भाजपा को नकारने की बात कहना गलत है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास अपनी कमियों को दूर करने और ज्यादा बेहतर काम करने का पर्याप्त समय है।







Start the Discussion Now...



LIVE अपडेट: देश-दुनिया की ब्रेकिंग न्यूज़